दीपक महान (वृतचित्र निर्देशक, लेखक व विचारक)

सम्पूर्ण विश्व, नानक को एक आध्यात्मिक गुरु का दर्जा देता है, पर मेरी नजर में वो एक महान सामाजिक क्रान्तिकार भी थे। मध्यकालीन युग में, जब भारत का सामाजिक कुप्रथाओं एवम् धार्मिक शोषण के कारण पतन हो रहा था, उस समय गुरु नानक ने आध्यात्मिक चेतना के साथ-साथ, राष्ट्र में एकता और भाईचारे की अद्भुत अलख जलायी थी। उनसे पहले, तमाम आध्यात्मिक गुरुओं ने सिर्फ ईश्वर और मोक्ष के संबंध में बातें कीं लेकिन गुरु नानक पहले ऐसे चिंतक हुए जिन्होनें मानवाधिकारों के चार्टर से शताब्दियों पूर्व, संगीत के सात स्वरों और लंगर (भोजन) के माध्यम से, समानता, स्वतंत्रता, शांति और बंधुत्व के दुर्लभ उपदेश दिए।
आज जब स्वार्थपूरक राजनीति ने विश्व भर में अवसाद पैदा किया है, ऐसे में गुरु नानक का वाक्य, “ना हम हिन्दू, ना हम मुसलमां”, हमें मानव जाति की एकता में उनके गहरे विश्वास से अवगत कराता है। इसी कारण लोग उन्हें गुरु नानक कह संबोधित करने लगे और उनके उपदेश, आज भी दुनियाभर के लिए उपयोगी हैं। अपनी निडर लेखनी से, नानक ने मानवीयता और जाति विहीन समाज जैसे गुणों पर ज़ोर दिया तथा मौलवियों और पंडितों की भर्त्सना के बावजूद, विभिन्न समुदायों की कुरीतियों का विरोध करते रहे।
आम आदमी की भाषा में लिखे व गाये जाने वाले उनके शबद कीर्तन, चार मूलभूत सिद्धांतो पर ज़ोर देते हैं जैसे ईमानदार काम (कीरत करो), भगवान का जप या स्मरण (नाम जपो यानि सिमरन), निस्वार्थ सेवा (सेवा करो) और निजी संपत्ति को भलाई के वास्ते बांटो (वंड शको)। अन्य संत-प्रचारकों के विपरीत, गुरु नानक ने ना कभी महिलाओं को पाप की संज्ञा दी, ना उनकी निंदा की और ना ही पारिवारिक जीवन को बुरा बताया। बल्कि उन्होनें ईमानदारी से आजीविका कमाने के अलावा, लैंगिक और सामाजिक समानता की भी वकालत की क्योंकि ऐसे श्रम से मनुष्य को संतोष मिलता है। उनके सरल नैतिक दर्शन में एक चुंबकीय आकर्षण था क्योंकि नानक ने प्रतिपादित किया कि इंसान, घर त्यागे बिना भी मोक्ष प्राप्त कर सकता है।
उनके संदेशों की सादगी के अलावा, नानक की करुणा ने लोगों को आकर्षित किया और सब उन्हें “बाबा नानक शाह फकीर, हिंदू का गुरु, मुसलमानों का पीर”, कह कर संबोधित करने लगे। उनके शबद कीर्तन से सबको अपनी “आवाज” संप्रेषित कर, सत्संग में भाग लेने की अनुमति मिली; उन्हें भी, जिन्हें जाति और सांप्रदायिकता के कारण, हरदम तिरस्कृत किया जाता था। जनता के बीच निर्बाध रूप से गाया जाने वाला शबद कीर्तन, इस प्रकार न केवल प्रतिभागियों का सांझा और जीवंत अनुभव बन गया, बल्कि सिख धर्म का आधार भी!
सामाजिक सौहार्द बनाने और जाति भेद को तोड़ने के लिये, नानक ने शबद कीर्तन के साथ, लंगर (सामुदायिक रसोई सेवा) की अनूठी सेवा स्थापित की जिसके तहत, गायन के बाद, सभी प्रतिभागी खाना बनाने में सेवा प्रदान कर, एक साथ खाना खाते थे। जब गुरु नानक स्वयं बर्तन व फर्श साफ करते, सब्ज़ीयाँ काटते, चूल्हा जलाते, खाना बनाते और उपस्थित लोगों के बीच बैठ, वही खाना खाते तो अछूत और गरीब को बिना कहे, बराबरी का दर्जा मिलता था। दुनिया भर के सिख गुरुद्वारों में आज तक भोजन को सर्वशक्तिमान के परोपकार (गुरु प्रसाद) के रूप में नामित किया जाता है और सभी को एक पंक्ति में लंगर बांटा जाता है भले ही किसी की आर्थिक स्थिति, ओहदा, जाति, पंथ या समुदाय कुछ भी क्यूँ न हो।
आम नागरिकों के घोर शोषण के खिलाफ, लंगर एक सराहनीय, अभिनव और क्रांतिकारी प्रयोग था जिसने समानता, विनम्रता और भाईचारा का पाठ सिखा, जाति और सांप्रदायिकता की जड़ पर प्रहार किया. अस्पृश्यता, ऊंच-नीच, बड़े-छोटे, अमीर-गरीब के मतभेदों को मिटाने के लिए जहां लंगर एक अनुकरणीय सामाजिक प्रयोग था वहीं दम-घोटू जाति व्यवस्था के खिलाफ कड़ा विद्रोह भी क्यूंकी तब बाहरी जाति के व्यक्ति संग भोजन या संसर्ग, पाप माना जाता था।
हिंदू और मुस्लिम फरमानों के मुताबिक़, मुक्ति के वास्ते, लोगों को “पवित्र स्थानों” की तीर्थयात्रा करना अतिआवश्यक होता है। पूर्णता के लिये, लोग कठोर तप, संयम या अंकुश में जीवन यापन करते हैं पर इसके विपरीत, गुरु नानक ने ऐसी यात्राओं और प्रक्रियाओं को अनावश्यक बताया। उनके अनुसार “मानव देह एक पवित्र वरदान है और मनुष्य की वास्तविक तीर्थयात्रा अपने अन्दर की ध्यान यात्रा ही है”। सामान्य-ज्ञान से ओतप्रोत, गुरु नानक के सैकड़ों शबद जैसे “रैन गवाई सोये के, दिवस गवाया खाए, हीरे जैसा जनम है, कौड़ी बदले जाये” या “घर में घर दिखाए दे, सो सतगुरु पुरुख सुजान” निर्मलता जागृत करने के संवाद हैं और इनकी प्रासांगिता सर्वकालीन है। संसार के विभिन्न विपदाओं और युद्धों के दौरान सिख कौम ने जो दानवीरता के काम किये हैं उनका श्रेय भी गुरु नानक के शबद कीर्तन और लंगर को जाता है।

Absolutely right..SHANDAAR